शांतिवन में समाज सेवा प्रभाग की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित, आध्यात्मिक मूल्यों के प्रसार एवं सेवा गतिविधियों के विस्तार पर हुआ मंथन

आबू रोड, राजस्थान, 14 अक्टूबर 2026। ब्रह्माकुमारीज़ के शांतिवन परिसर स्थित ट्रेनिंग हॉल में समाज सेवा प्रभाग की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज के विभिन्न वर्गों तक आध्यात्मिक मूल्यों एवं सकारात्मक जीवनशैली का संदेश पहुँचाने तथा वर्तमान समय की आवश्यकताओं के अनुरूप सेवा गतिविधियों में नवीनता, प्रभावशीलता और विस्तार लाने पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में हिसार से राजयोगिनी रमेश दीदी, श्रीनगर गढ़वाल से मेहरचंद भाई, सोशल सर्विस विंग के नेशनल कोऑर्डिनेटर बीके अवतार भाई तथा मुख्यालय संयोजक बीके बीरेंद्र भाई की गरिमामयी उपस्थिति रही। मंडी हिमाचल प्रदेश से बी के नरेंद्र भाई ने हिमाचल प्रदेश में होने वाले अभियान की जानकारी दी। कार्यक्रम का कुशल संचालन चंडीगढ़ की राजयोग शिक्षिका बीके पूनम दीदी एवं कदमा, हरियाणा के बीके सुनील भाई ने किया। 

बैठक के दौरान समाज सेवा को अधिक प्रभावशाली बनाने, सेवा के नए आयाम विकसित करने, विभिन्न सेवा केंद्रों एवं सदस्यों के बीच आपसी सहयोग बढ़ाने तथा अनुभवों के आदान-प्रदान पर विशेष जोर दिया गया। इस बात पर भी बल दिया गया कि आध्यात्मिक ज्ञान एवं राजयोग के माध्यम से समाज में मानवीय मूल्यों, सकारात्मक सोच और श्रेष्ठ जीवनशैली को प्रोत्साहित किया जाए।

बैठक में उपस्थित सदस्यों ने समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने तथा मानवीय मूल्यों के प्रसार के लिए निष्ठा, समर्पण और सहयोग की भावना के साथ सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया। बैठक ने समाज सेवा प्रभाग की गतिविधियों को समयानुकूल एवं अधिक प्रभावशाली बनाने की दिशा में सार्थक विचार-विमर्श का अवसर प्रदान किया। Shantivan

ब्रह्माकुमारीज़ का समाज सेवा प्रभाग आध्यात्मिक सशक्तिकरण, नैतिक मूल्यों और सकारात्मक जीवनशैली के माध्यम से एक श्रेष्ठ एवं मूल्यनिष्ठ समाज के निर्माण की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।