नरसिंहपुर में वरिष्ठजनों के सम्मान, सुविधा एवं सुरक्षा के लिए युवा पीढ़ी ने लिया संकल्प

नरसिंहपुर, 1 अक्टूबर 2026। वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, दिव्य संस्कार भवन, नरसिंहपुर में वरिष्ठजनों के सम्मान एवं आत्मिक सशक्तिकरण को समर्पित भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शहर के गणमान्य नागरिकों एवं वरिष्ठजनों सहित लगभग 250 लोगों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन गणमान्य अतिथियों द्वारा सामूहिक दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर श्री रामसेवक गुप्ता जी (पूर्व मंडी सचिव), श्री रामशंकर पटेल जी (गायत्री परिवार के वरिष्ठ सदस्य), भ्राता इंद्रभूषण सिंह जी, चित्रा द्विवेदी जी (सेवानिवृत्त प्रोफेसर), श्री अखिलेश अग्रवाल जी, श्री कैलाश सोनी जी, श्री गणेश चतुर्वेदी जी, श्री एस.के. चतुर्वेदी जी, डॉ. अनंत दुबे जी, श्री सोमराज सिंह धानका जी (पूर्व प्राचार्य), श्री सतीश गुप्ता जी, श्री आर.के. नावकर जी, श्री सुरेश ठाकुर जी, श्री यू.एस. उपाध्याय जी, श्री मुकेश नेमा जी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

दीप प्रज्वलन के पश्चात अतिथियों ने वरिष्ठ नागरिक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए वरिष्ठजनों के सम्मान, सेवा, सुविधा एवं सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजन परिवार एवं समाज की अमूल्य धरोहर हैं, जिनके अनुभव एवं संस्कार नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक हैं।

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता बी.के. कुसुम दीदी ने वरिष्ठजनों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें परिवार एवं समाज की अनुभव-संपन्न धरोहर बताया। वरिष्ठजनों का तिलक, पुष्प एवं सम्मान-पट्टा पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया तथा उन्हें ईश्वरीय सौगात भेंट की गई।

बच्चों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं लघु नृत्य-नाटिकाओं के माध्यम से बुजुर्गों के प्रति सम्मान, प्रेम एवं सहयोग का संदेश दिया गया। बच्चों ने वरिष्ठजनों का सम्मान करने का संकल्प भी लिया।

ब्रह्माकुमारी किरण बहन ने उपस्थित लोगों को राजयोग की अनुभूति कराई। कुमारी राधा एवं ब्रह्माकुमारी पलक ने विभिन्न प्रेरणादायक गतिविधियों का आयोजन कराया, जिनमें उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ब्रह्माकुमारी अर्पिता बहन ने कुशलतापूर्वक मंच संचालन किया।

कार्यक्रम के अंत में युवा पीढ़ी ने वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुविधा एवं सुरक्षा का ध्यान रखने तथा उन्हें कभी उपेक्षित महसूस न होने देने की सामूहिक प्रतिज्ञा ली। रोहित वर्मा एवं अशोक शर्मा ने सभी अतिथियों, वरिष्ठजनों, बच्चों एवं सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम ने यह प्रेरणादायी संदेश दिया कि वरिष्ठजनों का सम्मान केवल एक दिवस का आयोजन नहीं, बल्कि जीवनभर निभाया जाने वाला संस्कार है।









Tags