दिनांक: 1 जनवरी 2026
ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के समाज सेवा प्रभाग द्वारा राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि जी की 18वीं पुण्यतिथि 'विश्व बंधुत्व दिवस' के अवसर पर भारत एवं नेपाल में आयोजित विश्व बंधुत्व रक्तदान महाअभियान को ओएमजी बुक ऑफ रिकॉर्ड्स (OMG Book of Records) द्वारा वर्ल्ड रिकॉर्ड के रूप में मान्यता प्रदान की गई है।
शांतिवन स्थित डायमंड हॉल में आयोजित भव्य अवार्ड समारोह में ओएमजी बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के प्रो. डॉ. दिनेश गुप्ता 'आनंदश्री' एवं उनकी टीम द्वारा समाज सेवा प्रभाग के राष्ट्रीय संयोजक बीके अवतार भाई, ओ.आर.सी. की निदेशिका बीके आशा दीदी एवं अन्य पदाधिकारियों को वर्ल्ड रिकॉर्ड मेडल, मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। इस अवसर पर देशभर से आए 15,000 से अधिक लोग उपस्थित रहे।
पाँच प्रमुख मानकों पर खरा उतरा महाअभियान
प्रो. डॉ. दिनेश गुप्ता 'आनंदश्री' ने बताया कि किसी भी वर्ल्ड रिकॉर्ड को मान्यता प्रदान करने से पहले पाँच प्रमुख मानकों पर उसका मूल्यांकन किया जाता है।
पहला मानक है कि रिकॉर्ड समाज के लिए उपयोगी और प्रेरणादायी हो। ब्रह्माकुमारीज़ के समाज सेवा प्रभाग द्वारा 22 से 25 अगस्त 2025 तक भारत एवं नेपाल में यह महाअभियान चलाया गया, जिसके अंतर्गत दोनों देशों में कुल 88,378 यूनिट रक्तदान हुआ। इस अभियान ने विश्व को यह संदेश दिया कि हम रक्त का निर्माण नहीं कर सकते, लेकिन रक्तदान के माध्यम से किसी का जीवन अवश्य बचा सकते हैं।
दूसरा मानक यह है कि इस प्रकार का रिकॉर्ड इससे पहले किसी अन्य देश या संस्था द्वारा स्थापित न किया गया हो। इतने व्यापक स्तर पर किसी आध्यात्मिक एवं सामाजिक संस्था द्वारा रक्तदान महाअभियान आयोजित किए जाने का यह एक अनूठा उदाहरण रहा।
तीसरा मानक अभियान के दौरान पूर्ण सुरक्षा मानकों का पालन, चौथा रिकॉर्ड का विशिष्ट एवं नवाचारपूर्ण होना तथा पाँचवाँ किसी भी देश या संस्था की ओर से इस रिकॉर्ड पर कोई आपत्ति न होना है।
इन सभी मानकों पर खरा उतरने के कारण ब्रह्माकुमारीज़ के समाज सेवा प्रभाग द्वारा आयोजित इस महाअभियान को वर्ल्ड रिकॉर्ड के रूप में मान्यता प्रदान की गई।
सामाजिक एवं शासकीय संस्थाओं का मिला सहयोग
समाज सेवा प्रभाग के राष्ट्रीय संयोजक बीके अवतार भाई ने बताया कि इस महाअभियान में भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, जिला ब्लड बैंक, जिला सरकारी अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, रोटरी इंटरनेशनल, लायंस क्लब, आईएसबीटीआई सहित अनेक सामाजिक एवं स्वास्थ्य संस्थाओं का सहयोग प्राप्त हुआ।
उन्होंने बताया कि ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के इतिहास में यह पहला अवसर था, जब इतने व्यापक स्तर पर एक साथ रक्तदान महाअभियान आयोजित किया गया।
17 अगस्त को हुआ था राष्ट्रीय शुभारंभ
समाज सेवा प्रभाग के मुख्यालय संयोजक बीके बीरेंद्र भाई ने बताया कि विश्व बंधुत्व रक्तदान महाअभियान का राष्ट्रीय शुभारंभ 17 अगस्त 2025 को गुरुग्राम स्थित ओम शांति रिट्रीट सेंटर (ओ.आर.सी.) में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जे.पी. नड्डा द्वारा किया गया था।
इसके पश्चात 22 से 25 अगस्त 2025 तक भारत एवं नेपाल में व्यापक स्तर पर रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। अभियान के अंतर्गत आयोजित शिविरों की मॉनिटरिंग गूगल मैप के माध्यम से की गई तथा प्रत्येक रक्तदाता का पंजीकरण किया गया।
ये भी रहे उपस्थित
अवार्ड समारोह में ओएमजी बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के प्रो. डॉ. दिनेश गुप्ता 'आनंदश्री', चंद्रशेखर सरोज, गुरुग्राम ओ.आर.सी. की निदेशिका बीके आशा दीदी, अंबाबाड़ी से महिला प्रभाग की नेशनल को-ऑर्डिनेटर बीके शारदा दीदी, समाज सेवा प्रभाग के राष्ट्रीय संयोजक बीके अवतार भाई, मुख्यालय संयोजक बीके बीरेंद्र भाई, दिल्ली खानपुर से प्रभाग की जोनल को-ऑर्डिनेटर बीके आशा दीदी, राजस्थान की एडिशनल जोनल को-ऑर्डिनेटर बीके विजयलक्ष्मी दीदी, दिल्ली हरि नगर की रीजनल को-ऑर्डिनेटर बीके सरिता दीदी सहित देशभर से आए 15,000 से अधिक लोग उपस्थित रहे।