सामाजिक संस्था ‘सेवा एक नई पहल’ एवं ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा मेधावी आदिवासी छात्र-छात्राओं का सम्मान, जरूरतमंदों को सामग्री वितरित कर दिया आध्यात्मिक ज्ञान एवं श्रेष्ठ जीवनशैली का संदेश

बिलासपुर, छत्तीसगढ़, 16 अक्टूबर, 2026 । मानव सेवा, शिक्षा के प्रोत्साहन और आध्यात्मिक मूल्यों के प्रसार के उद्देश्य से सामाजिक संस्था ‘सेवा एक नई पहल’ एवं प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में अचानकमार अभयारण्य क्षेत्र में स्थित शिवतराई आश्रित ग्राम नकटा बांधा के प्राथमिक विद्यालय में एक सराहनीय सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर अध्ययनरत मेधावी आदिवासी छात्र-छात्राओं को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया तथा बच्चों, बुजुर्गों और ग्रामीण परिवारों को आवश्यक सामग्री वितरित की गई।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को खेल-कूद की सामग्री, चॉकलेट, बिस्किट, आवश्यक शैक्षणिक सामग्री, स्टेशनरी तथा आंगनबाड़ी के बच्चों के लिए नए खिलौने प्रदान किए गए। बच्चों के बैठने के लिए दरियां और जरूरतमंद ग्रामीणों के लिए उपयुक्त कपड़े, बर्तन, साड़ियां, फल एवं दैनिक उपयोग की अन्य आवश्यक वस्तुएं भी वितरित की गईं। 

इस सेवा गतिविधि का उद्देश्य ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों में शिक्षा के प्रति प्रोत्साहन बढ़ाना, बच्चों में सकारात्मक सोच विकसित करना तथा जरूरतमंद परिवारों को सहयोग प्रदान करना रहा। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक शिक्षा, संस्कार और सेवा की भावना पहुंचाना सामूहिक जिम्मेदारी है।

शिक्षा एवं स्वास्थ्य जागरूकता के माध्यम से समाज सशक्त बनाने का प्रयास

कार्यक्रम की संयोजक रेखा आहूजा ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तम स्वास्थ्य एवं शैक्षणिक जागरूकता उनकी संस्था के प्रमुख लक्ष्यों में शामिल हैं। उन्होंने बताया कि पिछले दस वर्षों से संस्था द्वारा 100 से अधिक गांवों और पहुंचविहीन क्षेत्रों में ग्रामीण पालक गण को प्रोत्साहित करने तथा शिक्षा एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने इस प्रकार के सेवा आयोजनों को समाज के जरूरतमंद वर्गों तक सहयोग पहुंचाने और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

आध्यात्मिक ज्ञान एवं श्रेष्ठ जीवनशैली का संदेश

कार्यक्रम में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के मुख्य सेवा केंद्र से पहुंचीं स्वाति दीदी, संतोषी दीदी, आरती दीदी एवं वसुधा दीदी ने उपस्थित बच्चों और ग्रामीणों के बीच सेवा गतिविधियों में सहभागिता की। उन्होंने आगामी सर्दियों को ध्यान में रखते हुए समय पूर्व गर्म कपड़े एवं स्वेटर आदि वितरित करने में सहयोग दिया।

इस अवसर पर बच्चों, बुजुर्गों और युवाओं को व्यावहारिक खेलों के माध्यम से ईश्वरीय ज्ञान एवं ध्यान के महत्व से अवगत कराने के साथ सहज और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा दी गई। ब्रह्माकुमारी बहनों ने जीवन में आध्यात्मिक मूल्यों, आत्मिक शांति और श्रेष्ठ संस्कारों के महत्व पर बल दिया।

विशिष्ट अतिथियों ने सेवा कार्यों की सराहना की

कार्यक्रम में विशिष्ट समाजसेवी एवं लायन इंटरनेशनल के कोऑर्डिनेटर कमल छाबड़ा जी ने अपने उद्बोधन में आयोजन की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्यक्रमों में अपनी सहभागिता बनाए रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

इस अवसर पर सामाजिक संस्था ‘सेवा एक नई पहल’ की संयोजक रेखा आहूजा, सिम्मी अरोरा, रेशु जेटमलानी, हंगर फ्री बिलासपुर के वरिष्ठ सदस्य महेंद्र मावीजा, कोटा क्षेत्र के उत्कृष्ट शिक्षक नारायण नायक, समस्त शालेय स्टाफ एवं शिक्षकगण तथा कार्यक्रम समन्वयक सताराम जेटमलानी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी सहयोगियों, अतिथियों एवं उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। यह आयोजन शिक्षा, सामाजिक सहयोग और आध्यात्मिक जागरूकता के समन्वय का प्रेरणादायी उदाहरण बना।

सेवा, शिक्षा और संस्कार के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना ही इस पहल का मुख्य उद्देश्य है। ऐसे आयोजन जरूरतमंदों के जीवन में आशा का संचार करने के साथ बच्चों को आगे बढ़ने, श्रेष्ठ संस्कार अपनाने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने की प्रेरणा देते हैं। Bilaspur, Chhatisgarh