चंडीगढ़ में “संगम – गौरवपूर्ण वृद्धावस्था एवं सम्मानित जीवन” कार्यक्रम का आयोजन

चंडीगढ़, 15 मार्च 2026। सेक्टर 27-बी स्थित ब्रह्माकुमारीज़ ग्लोबल डिवाइन लाइट हाउस में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, प्रेरणा एवं स्वास्थ्य जागरूकता को समर्पित “संगम – गौरवपूर्ण वृद्धावस्था एवं सम्मानित जीवन” कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 500 लाभार्थियों की सहभागिता रही।

कार्यक्रम के अंतर्गत “Realization – Holistic Well-Being” विषय पर प्रेरणादायक कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें वरिष्ठ नागरिकों ने अपने जीवन के अमूल्य अनुभव साझा किए। कार्यशाला का उद्देश्य वरिष्ठजनों को सम्मानित एवं सार्थक जीवन जीने के लिए प्रेरित करना तथा समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करना रहा। इस अवसर पर चंडीगढ़ के लगभग 250 वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकों के लिए निःशुल्क होम्योपैथी स्वास्थ्य जांच एवं दवाइयों की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। प्रतिभागियों ने स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्राप्त कर इस सेवा का लाभ उठाया।

इस अवसर पर श्री नरेंद्र पाल शर्मा (सीजेएम, पंजाब इन्फोटेक बोर्ड), श्री विकास भंगयाड (डायरेक्टर, भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड), श्री आर.के. गर्ग (प्रेसिडेंट, सीनियर सिटीजन एसोसिएशन, सेक्टर 27) तथा रिटायर्ड ब्रिगेडियर श्री हर्षवीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का अंगवस्त्र एवं मालाएं पहनाकर ससम्मान स्वागत किया गया।

कार्यक्रम ब्रह्माकुमारीज़ के “संगम प्रोजेक्ट” के अंतर्गत आयोजित किया गया। मुख्य वक्ता बी.के. डॉ. प्रमोद जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि अच्छी भावनाएं ही अच्छे कर्मों का आधार होती हैं। अच्छे कर्मों से अच्छी आदतों का निर्माण होता है, जो आगे चलकर सकारात्मक व्यवहार तथा सशक्त समाज और राष्ट्र की नींव बनते हैं। उन्होंने सभी को अपनी भावनाओं को सकारात्मक एवं श्रेष्ठ बनाने का संदेश दिया।

यह संपूर्ण आयोजन सेक्टर 27 सेवा केंद्र की प्रभारी बी.के. पूनम बहन के निर्देशन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बुजुर्गों को सम्मान, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा प्रदान करते हैं।

यह आयोजन समाज में वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान, सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता एवं आध्यात्मिक उत्थान का एक प्रेरणादायी उदाहरण सिद्ध हुआ। Chandigarh







Tags