पनवेल, 15 मार्च 2026। समाज सेवा विभाग (RERF) एवं ब्रह्माकुमारीज़, मुख्यालय माउंट आबू की पनवेल शाखा द्वारा पनवेल महानगरपालिका के नवनिर्वाचित नगरसेवकों के सम्मान में एक भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 400 लोगों ने सहभागिता की।
इस अवसर पर पनवेल महानगरपालिका के महापौर श्री नितीन पाटील जी सहित अनेक नगरसेवक एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर श्री नितीन पाटील जी के पारंपरिक सम्मान— तिलक, ब्रोच एवं “ॐ शांति” लिखे स्वागत पट्टे—के साथ किया गया।
कार्यक्रम का कुशल संचालन बी.के. वंदना दीदी जी ने किया। अपने स्वागत उद्बोधन में उन्होंने सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का अभिनंदन करते हुए कहा कि समाज सेवा का संकल्प लेकर आगे बढ़ने वाले जनप्रतिनिधि अपने कर्तव्यों के माध्यम से समाज में सुख, शांति एवं विकास का नया प्रकाश फैलाएं, यही ब्रह्माकुमारी परिवार की शुभकामना है।
इसके पश्चात कुमारी मालिया द्वारा सुंदर स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया गया। मान्यवर अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।
पनवेल सेवा केंद्र की मुख्य संचालिका बी.के. तारा दीदी जी ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए उनके व्यस्त समय में से समय निकालकर कार्यक्रम में सहभागिता करने के लिए आभार व्यक्त किया।
मुख्य वक्ता महाराष्ट्र एवं आंध्रप्रदेश ज़ोन की मुख्य प्रभारी तथा ब्रह्माकुमारी मुख्यालय माउंट आबू की अतिरिक्त मुख्य प्रशासिका वरिष्ठ राजयोगिनी बी.के. संतोष दीदी जी ने भारत की महान आध्यात्मिक विरासत पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति में शांति और सद्भाव की महान परंपरा रही है। परमात्मा शिव के ज्ञान से मनुष्य अपनी आत्मिक पहचान को समझकर कर्म, अकर्म एवं विकर्म की गहराई को जान सकता है और अपने जीवन को श्रेष्ठ बना सकता है।
उन्होंने समाज में बढ़ती दूरियों का उल्लेख करते हुए “वसुधैव कुटुम्बकम” की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया। साथ ही समाज सेवा प्रभाग की थीम “हम सब एक होकर चलें और बड़ों का आदर करें” को अपनाते हुए आध्यात्मिकता के साथ सेवा करने का संदेश दिया।
महापौर श्री नितीन पाटील जी ने ब्रह्माकुमारीज़ संस्था के आध्यात्मिक एवं सामाजिक कार्यों की सराहना की। उन्होंने समाज में सकारात्मक परिवर्तन एवं आध्यात्मिक जागृति लाने में संस्था की भूमिका की प्रशंसा करते हुए व्यसनमुक्ति एवं नैतिक मूल्यों के उत्थान के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
नगरसेविका श्रीमती दर्शना भोईर ने कहा कि समाज सेवा के लिए आध्यात्मिक प्रेरणा अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने ब्रह्माकुमारीज़ के कार्यों की सराहना करते हुए नगर के विकास, स्वच्छता एवं जनकल्याण के लिए मिलकर कार्य करने की भावना व्यक्त की।
कार्यक्रम में बी.के. यशवंत पाटील भाई द्वारा आकर्षक नृत्य प्रस्तुति दी गई। इसके पश्चात उपस्थित अतिथियों एवं जनसमूह को राजयोग ध्यान (गाइडेड मेडिटेशन) का शांतिदायक अनुभव कराया गया।
समारोह के अंत में सभी नवनिर्वाचित नगरसेवकों को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर बी.के. शकुंतला दीदी जी ने माननीय आमदार प्रशांत दादा ठाकूर जी, सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर उपस्थित सभी ने “स्व परिवर्तन से विश्व परिवर्तन” का संकल्प लिया। यह समारोह समाज सेवा एवं आध्यात्मिकता के सुंदर समन्वय का प्रेरणादायी उदाहरण सिद्ध हुआ। Panvel Mumbai

.jpeg)



