अमरावती में ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा श्रेष्ठ नागरिक सम्मान एवं सत्कार समारोह का आयोजन

अमरावती, 22 फरवरी 2026। ब्रह्माकुमारीज़ समाज सेवा प्रभाग द्वारा “संगम – Age with Pride, Live with Dignity” अभियान के अंतर्गत श्रेष्ठ नागरिकों के सम्मान एवं सत्कार हेतु एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ एवं सम्माननीय नागरिकों का शॉल, श्रीफल एवं ईश्वरीय सौगात भेंट कर ससम्मान अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम से 250 लोग लाभान्वित हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। समारोह का प्रभावशाली एवं सुसंगठित संचालन बी.के. तेजल दीदी ने किया। इसके पश्चात बी.के. प्रमोद भाई ने “ये तो सच है कि भगवान है, मगर फिर भी अनजाने हैं” भावपूर्ण गीत की सुंदर प्रस्तुति देकर वातावरण को आध्यात्मिक भावनाओं से ओत-प्रोत कर दिया।

बी.के. जीविका बहन ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुति के माध्यम से अतिथियों का स्वागत किया, जिससे कार्यक्रम में सांस्कृतिक गरिमा का समावेश हुआ।

अध्यक्षीय उद्बोधन में आदरणीय सीता दीदी जी ने कहा कि वर्तमान समय में ऐसे संस्कारमय कार्यक्रमों की अत्यंत आवश्यकता है। इन आयोजनों के माध्यम से बच्चों एवं युवाओं में बड़ों के प्रति सम्मान, सेवा और कृतज्ञता के संस्कार विकसित होते हैं। उन्होंने बताया कि ब्रह्माकुमारीज़ का समाज सेवा प्रभाग विश्वभर में श्रेष्ठ नागरिकों की सेवा एवं आध्यात्मिक जागरूकता फैलाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है।

बी.के. राजेश भाई ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि जीवन के इस पड़ाव से हम सभी को गुजरना है। इसलिए हमें अपने आसपास के वरिष्ठजनों का विशेष ध्यान रखना चाहिए तथा उनका सम्मान करना चाहिए।

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। शांति संदेश एवं प्रसाद वितरण के साथ समारोह का सफलतापूर्वक समापन हुआ।

यह आयोजन समाज में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, संस्कार एवं आध्यात्मिक मूल्यों को सुदृढ़ करने की दिशा में एक प्रेरणादायक प्रयास सिद्ध हुआ। Amravati, Maharashtra