मंडी में ब्रह्माकुमारीज के ‘संगम अभियान’ के अंतर्गत भव्य आयोजन — 400 वरिष्ठ नागरिकों एवं समाजसेवियों की सहभागिता

 


मंडी, हिमाचल प्रदेश | 12 नवंबर 2026

प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के समाज सेवा प्रभाग द्वारा संचालित ‘संगम अभियान – गौरवपूर्ण वृद्धावस्था एवं सम्मानित जीवन’ के अंतर्गत मंडी आश्रम के व्यास सदन में एक भव्य एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रातः 11:30 बजे प्रभु स्मृति के साथ प्रारंभ हुए इस कार्यक्रम में लगभग 400 वरिष्ठ नागरिकों एवं समाजसेवियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का उद्घाटन मंडी के उपायुक्त माननीय श्री अपूर्व देवगन जी के करकमलों द्वारा किया गया। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि बचपन में वे सोचते थे कि ब्रह्माकुमारीज लोगों को आध्यात्मिक ज्ञान क्यों समझाती है, लेकिन आज वे अनुभव करते हैं कि जीवन में अध्यात्म की कितनी आवश्यकता है। उन्होंने मंडी में संस्था द्वारा प्रत्येक सामाजिक कार्य में दिए जा रहे सहयोग की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

आदरणीय बीके नरेंद्र भाई जी ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए अभियान की संपूर्ण रूपरेखा प्रस्तुत की।

मुख्य वक्ता आदरणीय बीके सुमन दीदी जी ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा, "हम जो देते हैं, वही हमें वापस मिलता है। इसलिए बुजुर्गों को कभी दिल से हार नहीं माननी चाहिए, बल्कि सभी को दुआएँ देते हुए आगे बढ़ना चाहिए।" उन्होंने कहा कि केवल मातृ दिवस एवं पितृ दिवस मनाना पर्याप्त नहीं, बल्कि माता-पिता के अनुभवों का सम्मान कर उनसे सीखना आवश्यक है। साथ ही वरिष्ठ नागरिकों को भी नई पीढ़ी के साथ सामंजस्य बनाकर चलने की प्रेरणा दी।

आदरणीय बीके वीरेंद्र भाई जी, माउंट आबू ने समाज सेवा प्रभाग की विभिन्न परियोजनाओं पर प्रकाश डालते हुए भारत की प्राचीन समृद्धि का उल्लेख किया तथा सभी से छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयासों द्वारा स्वर्णिम भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

मंडी आश्रम प्रभारी आदरणीय बीके सुशीला दीदी जी ने अपने आशीर्वचनों में 64 वर्षों की समर्पित सेवाओं का अनुभव साझा करते हुए सभी को आध्यात्मिक ज्ञान एवं राजयोग अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि "यह ईश्वरीय विश्व विद्यालय सभी के लिए है। परमपिता परमात्मा का घर उनके प्रत्येक बच्चे के लिए खुला है।" उन्होंने कर्म करते हुए परमात्मा को याद करने का संदेश दिया।

भारतीय मजदूर संघ, हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष श्री बलबीर कुमार शर्मा जी ने शुभकामनाएँ देते हुए जीवन में अध्यात्म के महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में स्वागत नृत्य, आध्यात्मिक गीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ एवं प्रेरणादायक गतिविधियाँ भी आयोजित की गईं। बीके दक्षा दीदी जी ने राजयोग ध्यान का अभ्यास कराया तथा बीके टीना दीदी जी ने सभी को श्रेष्ठ जीवन मूल्यों की प्रतिज्ञा कराई।

समापन अवसर पर सुंदरनगर सेवाकेंद्र प्रभारी आदरणीय बीके शिखा दीदी जी ने विशेष रूप से माउंट आबू से पधारे बीके वीरेंद्र भाई जी, सभी अतिथियों एवं समर्पित सेवाधारियों का हृदय से आभार व्यक्त किया।

अंत में समाज सेवा प्रभाग द्वारा विशिष्ट समाजसेवियों एवं गणमान्य अतिथियों को सम्मानित किया गया। दोपहर 2 बजे कार्यक्रम का सफल समापन हुआ, जिसके पश्चात सभी ने स्नेहपूर्वक ब्रह्मभोजन स्वीकार किया।

कार्यक्रम ने समाज को यह सशक्त संदेश दिया कि वृद्धावस्था बोझ नहीं, बल्कि अनुभव, आशीर्वाद और आत्मिक समृद्धि का स्वर्णिम अध्याय है। Himachal Pradesh