गुरुग्राम, 24 अगस्त 2026: मानवता की सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी के उद्देश्य से ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान द्वारा गुरुग्राम के विभिन्न क्षेत्रों में रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया। संस्थान की पूर्व मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी प्रकाशमणी जी की स्मृति में आयोजित इस अभियान में शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छह केंद्रों पर आयोजित शिविरों में कुल 204 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।
अभियान के तहत गुरुग्राम के प्रमुख रिहायशी और ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित ब्रह्माकुमारीज़ केंद्रों पर एक साथ रक्तदान शिविर लगाए गए। इसका उद्देश्य स्थानीय निवासियों को अपने नजदीकी केंद्र पर रक्तदान की सुविधा उपलब्ध कराना और समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
छह केंद्रों पर हुआ रक्तदान
आयोजित शिविरों में बीपीटीपी क्लब हाउस में 68 यूनिट, सेक्टर 15 में 50 यूनिट, कन्हई गांव में 29 यूनिट, हेलीमंडी में 26 यूनिट, सेक्टर 54 में 18 यूनिट और सेक्टर 56 में 13 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
आयोजकों के अनुसार, रक्तदान शिविर का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहयोग देना और लोगों को नियमित स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करना है। एकत्रित रक्त को जरूरतमंदों की सहायता के लिए स्थानीय ब्लड बैंक को सौंपा गया।
इस अवसर पर संस्थान की ओर से सभी रक्तदाताओं और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा उनके योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र भेंट किए गए। यह अभियान समाज में मानवता, सहयोग और सेवा की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक सार्थक पहल रहा।

.webp)
.webp)
.jpeg)
.webp)
.webp)