डिबाई, 1 मार्च 2026। डिबाई स्थित ब्रह्माकुमारी संस्थान के वरदानी भवन में वार्षिक उत्सव के उपलक्ष्य में “संगम – गौरवपूर्ण वृद्धावस्था एवं सम्मानित जीवन” विषय पर एक भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 200 लोगों ने सहभागिता की। इसका मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के जीवन को सम्मान, आध्यात्मिकता एवं सकारात्मकता से समृद्ध बनाना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री अखिलेश यादव, अपर आयुक्त, अलीगढ़ उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में भ्राता राकेश कुमार यादव जी, अपर आयुक्त, नगर निगम अलीगढ़; डॉ. रजनी सिंह, वरिष्ठ साहित्यकार एवं समाज सेविका, डिबाई तथा आध्यात्मिक अतिथि वरिष्ठ राजयोगी ब्रह्माकुमार राम भाई, माउंट आबू ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी लक्ष्मी दीदी, लॉरेंस रोड, दिल्ली ने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में कहा कि वृद्धावस्था जीवन का स्वर्णिम काल है, जिसे आध्यात्मिक साधना, सकारात्मक सोच एवं सेवा के माध्यम से सम्मानपूर्ण और सुखद बनाया जा सकता है। उन्होंने राजयोग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राजयोग जीवन में शांति, संतुलन एवं आत्मबल प्रदान करता है।
इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों का विशेष सम्मान किया गया। उन्हें अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके जीवन अनुभवों एवं समाज में उनके अमूल्य योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, गीत-संगीत एवं आध्यात्मिक संदेशों ने कार्यक्रम के वातावरण को आनंदमय एवं प्रेरणादायक बना दिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन ब्रह्माकुमारी रचना बहन ने किया। यह संपूर्ण आयोजन डिबाई सेवा केंद्र की संचालिका बी.के. कुसुम दीदी के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुआ। उन्होंने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक ऊर्जा एवं आपसी सम्मान की भावना को सुदृढ़ करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थितजनों ने आयोजन को अत्यंत प्रेरणादायक एवं सफल बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की सराहना की। Dibai

.jpeg)



